महराजगंज पुश्तैनी जमीन पर मकान निर्माण को लेकर बवाल, पटीदारों पर गोली मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप
महराजगंज/घुघली थाना क्षेत्र अंतर्गत धनगड़ी गांव में एक बार फिर जमीनी विवाद गहरा गया है। यहां एक व्यक्ति ने अपने पटीदारों पर पुश्तैनी जमीन पर मकान का निर्माण रोकने, गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरो…

महराजगंज/घुघली थाना क्षेत्र अंतर्गत धनगड़ी गांव में एक बार फिर जमीनी विवाद गहरा गया है। यहां एक व्यक्ति ने अपने पटीदारों पर पुश्तैनी जमीन पर मकान का निर्माण रोकने, गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित का दावा है कि धमकी का वीडियो भी उसके पास मौजूद है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला :- प्राप्त जानकारी के अनुसार, धनगड़ी गांव के निवासी अवधेश कुमार वर्मा अपनी पुश्तैनी जमीन पर नया मकान बनवाने के लिए नींव की खुदाई करवा रहे थे। पीड़ित अवधेश का आरोप है कि इसी दौरान उनके पटीदार अचानक मौके पर आ धमके। उन्होंने बिना किसी उकसावे के गाली-गलौज शुरू कर दी और दबंगई दिखाते हुए मकान का निर्माण कार्य जबरन रुकवा दिया।
डायल 112 को दी सूचना, पुलिस के सामने मुकरे आरोपी :- विवाद को बढ़ता देख पीड़ित अवधेश ने तत्काल डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पुलिस पहुंची, लेकिन पीड़ित के अनुसार, आरोपी पक्ष पुलिस के सामने किसी भी प्रकार के विवाद या गाली-गलौज की बात से साफ मुकर गया।
गोली मारने की धमकी और वीडियो साक्ष्य का दावा :- अवधेश वर्मा ने पुलिस को दी गई शिकायत में एक बेहद गंभीर आरोप लगाया है। उनका कहना है कि जब उन्होंने पटीदारों की इस मनमानी का विरोध किया, तो उन्हें सरेआम गोली मारने की धमकी दी गई। पीड़ित का दावा है कि इस पूरी घटना और धमकी की वीडियो रिकॉर्डिंग उनके पास सुरक्षित है, जिसे वे सबूत के तौर पर पेश कर सकते हैं।
2015 से चल रहा है विवाद यह कोई पहला मौका नहीं है जब दोनों पक्षों के बीच तनाव हुआ हो। पीड़ित ने बताया कि इस पुश्तैनी जमीन को लेकर साल 2015 में भी दोनों पक्षों के बीच हिंसक मारपीट हो चुकी है। उस घटना का मुकदमा वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन है। इसके बावजूद आरोपी पक्ष लगातार उन्हें परेशान कर रहा है।
इस पूरे घटनाक्रम पर जखीरा चौकी इंचार्ज ने बताया कि पीड़ित पक्ष की ओर से लिखित तहरीर (शिकायत) प्राप्त हो गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने गहन जांच शुरू कर दी है। वीडियो साक्ष्यों और मौके की स्थिति की जांच के बाद, जो भी तथ्य सामने आएंगे उनके आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।गांव में इस घटना के बाद से तनाव का माहौल है और दोनों पक्षों के बीच शांति बनाए रखने के लिए पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।






टिप्पणियाँ
अभी कोई टिप्पणी नहीं। पहली टिप्पणी आप करें।