पारिवारिक विवाद में बीच-बचाव के दौरान युवक को लगी कैंची, हालत गंभीर, मेडिकल कॉलेज रेफर
महराजगंज (घुघली):- थाना क्षेत्र के ग्राम मंगलपुर पटखौली में आज दोपहर पारिवारिक विवाद के दौरान एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। शराब और गांजे के नशे में धुत एक युवक द्वारा अपनी सौतेली मां की पिटाई किए जाने के दौरान, बीच-ब…

महराजगंज (घुघली):- थाना क्षेत्र के ग्राम मंगलपुर पटखौली में आज दोपहर पारिवारिक विवाद के दौरान एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। शराब और गांजे के नशे में धुत एक युवक द्वारा अपनी सौतेली मां की पिटाई किए जाने के दौरान, बीच-बचाव करने उतरी 16 वर्षीय सौतेली बहन के हाथ में मौजूद कैंची भाई के पेट में घुस गई। युवक की हालत गंभीर होने के कारण उसे बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर रेफर किया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
क्या है पूरा मामला :- प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलपुर पटखौली निवासी अखिलेश सिंह (पुत्र स्वर्गीय जुगल किशोर व स्वर्गीय शांति देवी) आए दिन शराब और गांजे के नशे में अपनी सौतेली मां रिंकी देवी और सौतेली बहन नंदनी सिंह (16 वर्ष) के साथ गाली-गलौज व मारपीट करता था।
आज दोपहर करीब 11:50 बजे अखिलेश सिंह अपनी सौतेली मां रिंकी देवी को बेरहमी से पीट रहा था। मां को पिटता देख नाबालिग बहन नंदनी अपनी मां के बचाव में आगे आई और भाई को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान अखिलेश ने नंदनी के साथ भी मारपीट और हाथापाई शुरू कर दी। हाथापाई के वक्त नंदनी के हाथ में कपड़ा काटने वाली कैंची थी, जो अचानक अखिलेश के पेट में जा घुसी।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और स्थानीय पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। घायल अखिलेश सिंह को एम्बुलेंस की मदद से तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) घुघली ले जाया गया।
CHC घुघली से प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे जिला चिकित्सालय महराजगंज रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में स्थिति गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर भेज दिया है, जहां उसका उपचार चल रहा है।
इस सम्बंध में जखीरा चौकी प्रभारी आशुतोष पाठक ने बताया कि
"मौके पर वर्तमान में शांति व्यवस्था पूरी तरह कायम है। पीड़ित पक्ष (अखिलेश सिंह) के परिजनों द्वारा अभी तक थाने में कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई है। परिजनों से तहरीर प्राप्त होते ही मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
ब्यूरो रिपोर्ट
रोहित कुमार गुप्ता
जिला संवाददाता महाराजगंज






टिप्पणियाँ
अभी कोई टिप्पणी नहीं। पहली टिप्पणी आप करें।