लकड़ी फर्नीचर उद्योग को लगेंगे पंख महराजगंज में पूर्वांचल का पहला ODOP कॉमन फैसिलिटी सेंटर जल्द होगा शुरू, डीएम ने किया निरीक्षण
महराजगंज। जनपद के प्रमुख 'एक जनपद एक उत्पाद' (ODOP) लकड़ी फर्नीचर उद्योग को वैश्विक पहचान दिलाने और स्थानीय कारीगरों को आधुनिक तकनीक से लैस करने के लिए विकास खंड घुघुली के ग्राम रामपुर बल्डीहा में 'सामान्य सुविधा केंद्र'…

महराजगंज। जनपद के प्रमुख 'एक जनपद एक उत्पाद' (ODOP) लकड़ी फर्नीचर उद्योग को वैश्विक पहचान दिलाने और स्थानीय कारीगरों को आधुनिक तकनीक से लैस करने के लिए विकास खंड घुघुली के ग्राम रामपुर बल्डीहा में 'सामान्य सुविधा केंद्र' (CFC) का निर्माण तेजी से चल रहा है। सोमवार को जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने इस निर्माणाधीन महत्वाकांक्षी परियोजना का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।
पूर्वांचल का पहला ऐसा अनूठा केंद्र :- निरीक्षण के दौरान उपायुक्त उद्योग नीरज सिंह ने जिलाधिकारी को बताया कि पूर्वांचल क्षेत्र में यह इस प्रकार का पहला ओडीओपी सामान्य सुविधा केंद्र (CFC) है। यह केंद्र लकड़ी फर्नीचर व्यवसाय से जुड़े छोटे-बड़े सभी उद्यमियों और कारीगरों को एक ही छत के नीचे साझा आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराएगा। उन्होंने बताया कि परियोजना के तहत अधिकांश अत्याधुनिक मशीनों की स्थापना का कार्य पूरा हो चुका है, और अब केवल बॉयलर व ट्रीटमेंट प्लांट की स्थापना का काम शेष है।
क्या हैं इस सेंटर की विशेषताएं :- राज्य सरकार के सहयोग से स्थापित किए जा रहे इस कॉमन फैसिलिटी सेंटर में लकड़ी की गुणवत्ता और उसकी उम्र बढ़ाने के लिए विशेष तकनीक का उपयोग किया जाएगा। इसमें निम्नलिखित सुविधाएं शामिल होंगी:
◆ वुड सीजनिंग एवं ट्रीटमेंट प्लांट :- लकड़ी को दीमक और नमी से बचाने के लिए।
◆ आधुनिक मशीनरी :- सीएनसी बोरिंग मशीन, पैनल सॉ, हाइड्रोलिक प्रेस, एयर कम्प्रेसर और आधुनिक प्रोसेसिंग यूनिट।
◆ डिजाइनिंग सेंटर :- नए और आकर्षक फर्नीचर डिजाइनों को तैयार करने के लिए विशेष सेंटर।
इन आधुनिक सुविधाओं के जरिए स्थानीय स्तर पर तैयार होने वाले फर्नीचर की फिनिशिंग और गुणवत्ता अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप होगी, जिससे उद्यमी वैश्विक बाजारों में प्रतिस्पर्धा कर सकेंगे।
जिलाधिकारी ने दिए कड़े निर्देश :- परियोजना की अब तक की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि बचे हुए बॉयलर और ट्रीटमेंट प्लांट की निविदा (टेंडर) प्रक्रिया को जल्द से जल्द पूरा किया जाए।
डीएम ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि "अवशेष मशीनों की स्थापना का कार्य त्वरित गति से पूरा कर केंद्र का संचालन समय सीमा के भीतर शुरू किया जाए।" इसके साथ ही उन्होंने स्थानीय उद्यमियों को दी जाने वाली सेवाओं के लिए शुल्क निर्धारण की प्रक्रिया को भी शीघ्र अंतिम रूप देने को कहा, ताकि संचालन शुरू होने के बाद किसी प्रकार की व्यावहारिक दिक्कत न आए।
बेहद किफायती दरों पर मिलेगी उच्च गुणवत्ता वाली लकड़ी :- इस परियोजना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी देते हुए उपायुक्त उद्योग ने बताया कि इस सीएफसी के चालू होने से स्थानीय लकड़ी उद्योग से जुड़े कारीगरों को बहुत कम और किफायती दरों पर बेहतरीन सीजनिंग की हुई लकड़ी उपलब्ध होगी। इससे उत्पादन लागत में कमी आएगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
निरीक्षण के दौरान ये रहे उपस्थित इस महत्वपूर्ण निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी, उपायुक्त उद्योग नीरज सिंह, एसी उद्योग राकेश जयसवाल सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि मुख्य रूप से उपस्थित रहे।






टिप्पणियाँ
अभी कोई टिप्पणी नहीं। पहली टिप्पणी आप करें।