जिंदगी बचाने वाले रास्ते पर मौत का पहरा आखिर कब सुधरेगा घुघली CHC का यह 'बीमार' रास्ता
घुघली, महराजगंज - जनपद के घुघली स्वास्थ्य महकमे की लापरवाही और स्थानीय प्रशासन की गहरी नींद का सबसे भयावह नजारा इन दिनों घुघली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) को जोड़ने वाली मुख्य 'अस्पताल रोड' पर देखने को मिल रहा है। क…

घुघली, महराजगंज - जनपद के घुघली स्वास्थ्य महकमे की लापरवाही और स्थानीय प्रशासन की गहरी नींद का सबसे भयावह नजारा इन दिनों घुघली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) को जोड़ने वाली मुख्य 'अस्पताल रोड' पर देखने को मिल रहा है। कहने को तो यह रास्ता जिंदगी बचाने वाले केंद्र तक जाता है, लेकिन हकीकत में यह खुद 'हादसों का अड्डा' बन चुका है। गड्ढों के इस साम्राज्य में हर रोज मरीजों की जिंदगी हिचकोले खा रही है।

बताते चले कि यह कोई सामान्य सड़क नहीं है, बल्कि एक अति-संवेदनशील मार्ग है जहां हर एक सेकंड की कीमत एक इंसानी जान होती है। लेकिन आज स्थिति यह है कि जब कोई एम्बुलेंस किसी गर्भवती महिला या गंभीर मरीज को लेकर इस मार्ग से गुजरती है, तो गड्ढों की वजह से गाड़ी इस कदर डगमगाती है कि मरीज की हालत रास्ते में ही गंभीर हो जाती है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, कई बार आपातकालीन स्थिति में एम्बुलेंस के टायर इन गहरे गड्ढों में फंस जाते हैं, जिससे कीमती समय बर्बाद हो जाता है।
बाइक सवार, ई-रिक्शा और पैदल राहगीर हर दिन इन गड्ढों का शिकार होकर चोटिल हो रहे हैं। बारिश के मौसम में तो यह सड़क किसी 'अदृश्य जाल' की तरह काम करती है, जहां पानी से भरे गड्ढे राहगीरों को सीधे अस्पताल के बेड तक पहुंचा रहे हैं।
तस्वीरें बयां कर रही हैं दर्द, पर 'कुंभकर्णी' नींद में है महकमा :- स्थानीय लोगों का कहना हैं कि हमने कई बार इसकी शिकायत जिम्मेदार अधिकारियों से की है, लेकिन प्रशासन के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही। ऐसा लगता है कि साहब लोग किसी बड़े और जानलेवा हादसे का इंतजार कर रहे हैं, ताकि उसके बाद ही उनकी फाइलें आगे बढ़ सकें।
बड़ा सवाल: क्या किसी की मौत के बाद जागेगा प्रशासन :-
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि स्वास्थ्य व्यवस्था को बेहतर बनाने के बड़े-बड़े दावों के बीच, घुघली CHC मार्ग की यह बदहाली ज़मीनी हकीकत को आईना दिखा रही है। क्या एक अदद पक्की सड़क के लिए प्रशासन को किसी बेगुनाह की जान का बलिदान चाहिए।
अब देखना यह है कि इस खबर के बाद भी जिला प्रशासन और लोक निर्माण विभाग (PWD) की नींद टूटती है या फिर मरीज इसी तरह मौत के मुहाने से गुजरते हुए अस्पताल पहुंचने को मजबूर रहेंगे।
ब्यूरो रिपोर्ट
रोहित कुमार गुप्ता
ज़िला संवाददाता, महराजगंज






टिप्पणियाँ
अभी कोई टिप्पणी नहीं। पहली टिप्पणी आप करें।