महराजगंज-कुशीनगर सीमा पर सनसनीखेज की घटना नदी में तैरता मिला बुजुर्ग का शव, क्षेत्र में सनसनी
महराजगंज - कुशीनगर की सीमा पर स्थित टेड़वा गांव के समीप शनिवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब नदी में एक बुजुर्ग का शव तैरता हुआ पाया गया। शव मिलने की सूचना पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही घु…

महराजगंज - कुशीनगर की सीमा पर स्थित टेड़वा गांव के समीप शनिवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब नदी में एक बुजुर्ग का शव तैरता हुआ पाया गया। शव मिलने की सूचना पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही घुघली पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
दोपहर में ग्रामीणों ने देखा शव :- प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब 12 बजे टेड़वा गांव के पास कुछ ग्रामीण नदी के किनारे से गुजर रहे थे। तभी उनकी नजर पानी में तैरते एक शव पर पड़ी। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना घुघली पुलिस को दी।
सूचना पाकर घुघली थाना प्रभारी सूरज कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को नदी से बाहर निकलवाया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
पुलिस द्वारा की गई प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान 50 वर्षीय रियाजुद्दीन अंसारी, पुत्र हफीजुल्लाह, निवासी घघरूआ खण्डेसर, थाना घुघली के रूप में हुई है। शिनाख्त के बाद पुलिस ने तत्काल परिजनों को घटना की सूचना दी। जानकारी मिलते ही परिजन भी रोते-बिलखते मौके पर पहुंच गए, जिससे वहां का माहौल गमगीन हो गया।
बुजुर्ग की मौत डूबने से हुई है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, इसे लेकर इलाके में कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इस संबंध में घुघली थाना प्रभारी सूरज कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
ब्यूरो रिपोर्ट
रोहित कुमार गुप्ता
जिला संवाददाता महराजगंज






टिप्पणियाँ
अभी कोई टिप्पणी नहीं। पहली टिप्पणी आप करें।