महराजगंज घुघली ब्लॉक कार्यालय में बूंद-बूंद पानी को तरस रही जनता, एसी कमरों में आराम फरमा रहे 'साहब'
महराजगंज जनपद के विकास खण्ड कार्यालय घुघली में इन दिनों अव्यवस्थाओं और अधिकारियों की संवेदनहीनता का बोलबाला है। चिलचिलाती धूप और गर्मी के बीच दूर-दराज के गांवों से अपनी फरियाद लेकर ब्लॉक मुख्यालय पहुंचने वाली गरीब जनता य…

महराजगंज जनपद के विकास खण्ड कार्यालय घुघली में इन दिनों अव्यवस्थाओं और अधिकारियों की संवेदनहीनता का बोलबाला है। चिलचिलाती धूप और गर्मी के बीच दूर-दराज के गांवों से अपनी फरियाद लेकर ब्लॉक मुख्यालय पहुंचने वाली गरीब जनता यहां बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रही है। लेकिन विडंबना देखिए कि जिन पर जनता की प्यास बुझाने और उनकी समस्याएं सुनने की जिम्मेदारी है, वे 'साहब' अपने महंगे वातानुकूलित (AC) कमरों में मखमली सोफों पर बैठकर आराम फरमा रहे हैं।
शोपीस बने इंडिया मार्का नल और आरओ एटीएम :- ब्लॉक कार्यालय परिसर में आम जनमानस की सुविधा के लिए लगाए गए पानी के सभी स्रोत पूरी तरह से ठप पड़े हैं। जानकारी के मुताबिक, परिसर में लगा इंडिया मार्का हैंडपंप काफी समय से खराब पड़ा है और उसे ठीक कराने की जहमत किसी ने नहीं उठाई। वहीं, शुद्ध पेयजल मुहैया कराने के नाम पर लाखों की लागत से लगा आरओ एटीएम भी सफेद हाथी साबित हो रहा है और पूरी तरह से खराब है।
अपने जरूरी दस्तावेजों, पेंशन, आवास या अन्य शिकायतों को लेकर ब्लॉक कार्यालय पहुंचने वाले ग्रामीणों का कहना है कि यहां पानी की एक बूंद मयस्सर नहीं है। बाहर से आने वाले फरियादी जब प्यास से बेहाल होते हैं, तो उन्हें मजबूरन बाहर जाकर अपनी जेब ढीली कर पानी खरीदना पड़ता है। जो गरीब पानी खरीद नहीं सकते, वे प्यासे ही भटकने को मजबूर हैं।
एक तरफ सरकार जहां हर घर जल और शुद्ध पेयजल के लिए करोड़ों रुपये पानी की तरह बहा रही है, वहीं घुघली विकास खंड कार्यालय का यह नजारा सरकारी दावों की पोल खोल रहा है। आम जनता पसीने से लथपथ होकर पानी खोज रही है, जबकि जिम्मेदार अधिकारी अपने एसी वाले कमरों से बाहर निकलने को तैयार नहीं हैं। उन्हें न तो खराब हैंडपंप दिखाई दे रहा है और न ही ठप पड़ा आरओ सिस्टम।
इस पूरी स्थिति ने ब्लॉक प्रशासन की कार्यशैली पर एक बड़ा सवालिया निशान लगा दिया है। स्थानीय लोगों और फरियादियों ने मांग की है कि उच्चाधिकारी इस मामले का तत्काल संज्ञान लें और ब्लॉक परिसर में पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कराएं। अब देखना यह है कि क्या इस खबर के बाद एसी कमरों में बैठे साहबों की नींद टूटती है या फिर गरीब जनता यूं ही प्यास से तड़पती रहेगी।
उपसंपादक सचिन कुमार वैश्य






टिप्पणियाँ
अभी कोई टिप्पणी नहीं। पहली टिप्पणी आप करें।