पुरैना खंडी चौराहे पर सार्वजनिक शौचालय न होने से राहगीर परेशान, महिलाएं सबसे ज्यादा लाचार
महाराजगंज / घुघुली :- क्षेत्र के प्रमुख और व्यस्तम जगहों में शुमार पुरैना खंडी चौराहे पर नागरिक सुविधाओं का घोर अभाव देखने को मिल रहा है। चौराहे पर एक भी सार्वजनिक शौचालय न होने के कारण यहाँ से गुजरने वाले यात्रियों, स्थ…

महाराजगंज / घुघुली :- क्षेत्र के प्रमुख और व्यस्तम जगहों में शुमार पुरैना खंडी चौराहे पर नागरिक सुविधाओं का घोर अभाव देखने को मिल रहा है। चौराहे पर एक भी सार्वजनिक शौचालय न होने के कारण यहाँ से गुजरने वाले यात्रियों, स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों को हर दिन भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे बदतर स्थिति महिलाओं की है, जिन्हें इस बुनियादी सुविधा के अभाव में भारी शर्मिंदगी और परेशानी झेलनी पड़ती है।

बताते चले कि घुघुली थाना क्षेत्र का पुरैना खंडी चौराहा आसपास के कई गाँवों को जोड़ने वाला मुख्य केंद्र है। दिन भर यहाँ खरीददारी करने वालों, यात्रियों और दैनिक मजदूरों का जमावड़ा लगा रहता है। इसके बावजूद, स्थानीय प्रशासन की उपेक्षा के कारण यहाँ स्वच्छता और मूलभूत सुविधाओं का नामोनिशान नहीं है।
चौराहे पर हर दिन हजारों लोग आते हैं, लेकिन शौचालय न होने से तमाम दिक्कतों का सामना करना पड़ता हैं, और सबसे ज्यादा दिक्कत महिलाओं और बुजुर्गों को होती है। अगर कोई आपात स्थिति आ जाए तो आस-पास कोई जगह नहीं मिलती।
शौचालय का अभाव, स्वच्छता अभियानों पर सवाल :- पुरैना खंडी चौराहा आसपास के दर्जनों गांवों को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग है। यहाँ दिनभर खरीदारी करने वाले ग्राहकों, स्थानीय दुकानदारों और यात्रियों की भारी चहल-पहल बनी रहती है।लेकिन मूलभूत सुविधा के नाम पर यहाँ का मंजर इसके उलटा है। सबसे ज्यादा दुर्दशा महिलाओं और बेटियों की है। किसी अनहोनी या आपात स्थिति में उन्हें समझ नहीं आता कि वे कहाँ जाएँ।
संकोच और लोक-लाज के कारण उन्हें घंटों परेशानी सहनी पड़ती है, इसके साथ-साथ चौराहे पर रुकने वाले बस व ऑटो यात्री तथा स्थानीय व्यापारी भी दिनभर इस बुनियादी समस्या से जूझते नजर आते हैं । ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह खड़ा होता है कि एक तरफ सरकार 'स्वच्छ भारत मिशन' के तहत खुले में शौच मुक्त भारत का ढिंढोरा पीट रही है, वहीं ऐसे व्यस्ततम चौराहे पर प्रसाधन गृह न होना प्रशासनिक उदासीनता को साफ बयां करता है।
स्थानीय ग्रामीणों और व्यापारियों का कहना है कि वे कई बार जिम्मेदार अधिकारियों का ध्यान इस समस्या की ओर आकर्षित करा चुके हैं, लेकिन अब तक आश्वासन के सिवा कुछ नहीं मिला।
"यह सिर्फ सुविधा का सवाल नहीं, बल्कि हमारी माताओं और बहनों के सम्मान और स्वास्थ्य से जुड़ा गंभीर मुद्दा है। किसी भी बाजार या चौराहे पर बुनियादी सुविधा के रूप में शौचालय सबसे पहली जरूरत होनी चाहिए। क्षेत्रीय जनता ने जिला प्रशासन और संबंधित पंचायत विभाग से पुरैना खंडी चौराहा पर तत्काल प्रभाव से सामुदायिक शौचालय निर्माण कराए जाने की मांग की है, ताकि आम जनता को इस रोज-रोज की मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना से निजात मिल सके।
अब देखना यह होगा कि जनहित से जुड़े इस संवेदनशील मुद्दे पर जिम्मेदार अधिकारी कब जागते हैं और कब यहाँ शौचालय का निर्माण शुरू होता है।
ब्यूरो रिपोर्ट
रोहित कुमार गुप्ता
जिला संवाददाता महराजगंज






टिप्पणियाँ
अभी कोई टिप्पणी नहीं। पहली टिप्पणी आप करें।