बेलवा टीकर तिराहे पर दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, 3 गंभीर रूप से घायल
पुरैना (महराजगंज):- शनिवार शाम थाना घुघली क्षेत्र के बेलवा टीकर तिराहे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में दोनों चालकों समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ह…

पुरैना (महराजगंज):- शनिवार शाम थाना घुघली क्षेत्र के बेलवा टीकर तिराहे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में दोनों चालकों समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत-बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।
मिली जानकारी के मुताबिक, शनिवार शाम करीब 4:45 बजे पुलिस को सूचना मिली कि बेलवा टीकर तिराहे पर एक सड़क दुर्घटना हुई है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष घुघली अरविंद कुमार सिंह अपनी टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। जांच में पता चला कि मोटरसाइकिल (MH12 ZK 4524) पर सवार जावेद खान (20 वर्ष) पुत्र हाकिम आलम और रविशंकर (16 वर्ष) पुत्र मिश्रीलाल (दोनों निवासी ग्राम पिपरा खादर, थाना भिटौली) शिकारपुर की तरफ से आ रहे थे।
इसी दौरान बेलवाटिकर चौराहे के पास सामने से आ रही एक बिना नंबर की नई हीरो सुपर स्पलेंडर मोटरसाइकिल के चालक नौशाद आलम (20 वर्ष) पुत्र अब्दुल कलाम (निवासी ग्राम पकड़ीविशुनपुर, थाना घुघली) ने बाइक को तेज गति व लापरवाही से चलाते हुए सामने से टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों मोटरसाइकिलों के परखच्चे उड़ गए और उन पर सवार तीनों लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
मौके पर पहुंची पुलिस ने 108 एम्बुलेंस की मदद से सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल महराजगंज में भर्ती कराया, जहां दो की हालत गंभीर देखते हुए मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया जहाँ उनका इलाज चल रहा है।
इस सबंध मे थानाध्यक्ष अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त दोनों मोटरसाइकिलों को कब्जे में लेकर सुरक्षार्थ थाने पर खड़ा करवा दिया गया है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। वर्तमान में मौके पर पूरी तरह से शांति व्यवस्था कायम है।






टिप्पणियाँ
अभी कोई टिप्पणी नहीं। पहली टिप्पणी आप करें।