श्रावण मास, कांवड़ यात्रा व चेहल्लूम को लेकर पुलिस मुस्तैद घुघली में सीओ के नेतृत्व में निकाला गया फ्लैग मार्च
घुघली महराजगंज :- आगामी पवित्र श्रावण मास, कांवड़ यात्रा और चेहल्लूम त्योहार के दृष्टिगत क्षेत्र में शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। इसी क्रम में जनता में सुरक्षा…

घुघली महराजगंज :- आगामी पवित्र श्रावण मास, कांवड़ यात्रा और चेहल्लूम त्योहार के दृष्टिगत क्षेत्र में शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। इसी क्रम में जनता में सुरक्षा का अहसास कराने और असामाजिक तत्वों में खौफ पैदा करने के उद्देश्य से पुलिस टीम ने घुघली कस्बे के अति-संवेदनशील व भीड़भाड़ वाले इलाकों में पैदल गश्त (फ्लैग मार्च) किया। क्षेत्राधिकारी (सीओ) अंकुर गौतम, थानाध्यक्ष सूरज कुमार और चौकी प्रभारी शिवम राय के संयुक्त नेतृत्व में निकले पुलिस बल ने कस्बा घुघली के प्रमुख मार्गों, मुख्य बाजारों और संवेदनशील चौराहों का जायजा लिया।
पैदल मार्च के दौरान उच्चाधिकारियों ने स्थानीय दुकानदारों, संभ्रांत नागरिकों और आम जनता से सीधे संवाद स्थापित किया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहारों का आनंद आपसी भाईचारे और शांतिपूर्ण माहौल में ही निहित है। पुलिस प्रशासन ने अपील की कि सभी नागरिक त्योहारों को पारंपरिक और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं। और सख़्त चेतावनी देते हुए यह भी कहा कि शांति व्यवस्था में खलल डालने, माहौल बिगाड़ने या सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे तत्वों के खिलाफ पुलिस बेहद सख्ती से कानूनी कार्रवाई करेगी।
फ्लैग मार्च के उपरांत सीओ अंकुर गौतम और थानाध्यक्ष सूरज कुमार ने मातहत कर्मचारियों को कड़े दिशा-निर्देश जारी करते हुए कहा कि संवेदनशील बिंदुओं पर लगातार पिकेट ड्यूटी और पट्रोलिंग जारी रखी जाए। और क्षेत्र में हर छोटी-बड़ी संदिग्ध गतिविधि और नए चेहरों पर सतर्क निगाह रखी जाए। किसी भी सूचना या आपातकालीन स्थिति में तुरंत प्रतिक्रिया दी जाए। इस फ्लैग मार्च में थाना घुघली और संबंधित पुलिस चौकी के भारी संख्या में जवान व उपनिरीक्षक मौजूद रहे।
ब्यूरो रिपोर्ट
रोहित कुमार गुप्ता
ज़िला संवाददाता महराजगंज






टिप्पणियाँ
अभी कोई टिप्पणी नहीं। पहली टिप्पणी आप करें।