DIG गोरखपुर रेंज ने किया घुघली थाने का औचक निरीक्षण,समाधान दिवस में सुनीं जनसमस्याएं
महराजगंज :- गोरखपुर परिक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG) एस. चन्नप्पा ने शनिवार को पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के साथ थाना घुघली का वार्षिक व गहन निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने थाने की व्यवस्थाओ…

महराजगंज :- गोरखपुर परिक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG) एस. चन्नप्पा ने शनिवार को पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के साथ थाना घुघली का वार्षिक व गहन निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने थाने की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ-साथ आयोजित थाना समाधान दिवस में जनता की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने थाना परिसर की साफ-सफाई, कार्यालय, महिला हेल्प डेस्क, मालखाना, शस्त्रागार, हवालात, भोजनालय, बैरक तथा सीसीटीएनएस कार्यालय का सूक्ष्मता से अवलोकन किया। उन्होंने अभिलेखों के सही रखरखाव पर संतोष व्यक्त करते हुए व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।

साथ ही अपराध पर नियंत्रण ,वांछित अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी, वारंटों की शत-प्रतिशत तामील और हिस्ट्रीशीटरों की सतत निगरानी व विवेचना में तेजी, लंबित विवेचनाओं का गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने व महिला सुरक्षा एवं कमजोर वर्गों से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता और प्राथमिकता के साथ कार्रवाई करने के भी सख्त निर्देश दिए।
निरीक्षण के पश्चात आयोजित थाना समाधान दिवस में डीआईजी एवं पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से जनसुनवाई की। फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित राजस्व व पुलिस अधिकारियों को मौके पर जाकर पारदर्शी जांच और भूमि विवाद और पारिवारिक मामलों में पुलिस और राजस्व टीम को समन्वय बनाकर संयुक्त रूप से निस्तारण करने का आदेश दिया गया। डीआईजी ने सख्त लहजे में कहा कि "समाधान दिवस शासन की शीर्ष प्राथमिकताओं में है। शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता हो, ताकि किसी भी फरियादी को बार-बार थाने या तहसील के चक्कर न लगाने पड़ें।"
पुलिस उपमहानिरीक्षक एस चनप्पा और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहनअवस्थी ने अधिकारियों को शख्त निर्देश देते हुए कहा कि जनता के साथ हमेशा सम्मानजनक और संवेदनशील व्यवहार किया जाए।
निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों के प्रति सख्त रुख अपनाते हुए कड़ी चेतावनी भी जारी की। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस दौरान क्षेत्राधिकारी सदर अंकुर गौतम थाना प्रभारी घुघली सूरज कुमार व राजस्व विभाग के अधिकारी तथा भारी संख्या में पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।
ब्यूरो रिपोर्ट
रोहित कुमार गुप्ता
ज़िला संवाददाता महराजगंज






टिप्पणियाँ
अभी कोई टिप्पणी नहीं। पहली टिप्पणी आप करें।