नहर में उतराता मिला अधेड़ का शव, इलाके में सनसनी, आधार कार्ड से हुई पहचान
महराजगंज (घुघली) :- घुघली थाना क्षेत्र के बल्लो खास गांव के पास उस समय हड़कंप मच गया, जब मंगलवार दोपहर देवरिया शाखा नहर में एक अधेड़ व्यक्ति का शव उतराता हुआ पाया गया। नहर में शव मिलने की खबर जंगल में आग की तरह फैल गई और…
महराजगंज (घुघली) :- घुघली थाना क्षेत्र के बल्लो खास गांव के पास उस समय हड़कंप मच गया, जब मंगलवार दोपहर देवरिया शाखा नहर में एक अधेड़ व्यक्ति का शव उतराता हुआ पाया गया। नहर में शव मिलने की खबर जंगल में आग की तरह फैल गई और देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही घुघली थाना प्रभारी सूरज कुमार पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से शव को बेहद मशक्कत के बाद नहर से बाहर निकाला गया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तुरंत उच्चाधिकारियों और फोरेंसिक टीम को सूचित किया गया।सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी सदर अंकुर गौतम और फॉरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई। फॉरेंसिक टीम ने मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और वहां से जरूरी साक्ष्य एकत्र किए। शुरुआत में मृतक की पहचान नहीं हो पा रही थी, लेकिन जब पुलिस ने शव की तलाशी ली, तो उसकी जेब से एक आधार कार्ड बरामद हुआ। आधार कार्ड के जरिए मृतक की शिनाख्त गजानंद प्रसाद(56 वर्ष) निगम पुत्र रघुनाथ निगम निवासी सड़कहवा थाना क्षेत्र ठूठीबारी के रूप में हुई।
पहचान स्थापित होते ही पुलिस ने तत्काल मृतक के परिजनों को इस अनहोनी की सूचना दी, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया।
इस सम्बंध में थाना प्रभारी घुघली सूरज कुमार ने बताया कि "शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले के हर पहलू की गहराई से जांच कर रही है। मौत की असल वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगी, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।"
ब्यूरो रिपोर्ट
रोहित कुमार गुप्ता
ज़िला संवाददाता महराजगंज






टिप्पणियाँ
अभी कोई टिप्पणी नहीं। पहली टिप्पणी आप करें।