महराजगंज पुलिस की बड़ी कामयाबी नौकरी के नाम पर लाखों की ठगी करने वाले 'हाईटेक' गिरोह का पर्दाफाश, महिला समेत 4 गिरफ्तार
महराजगंज-बेरोजगार युवाओं को सरकारी और निजी संस्थानों में नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक संगठित गिरोह का महराजगंज पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में चलाई…

महराजगंज-बेरोजगार युवाओं को सरकारी और निजी संस्थानों में नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक संगठित गिरोह का महराजगंज पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में चलाई जा रही अपराधियों के खिलाफ मुहिम के तहत निचलौल थाना पुलिस, एसओजी , और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में गिरोह के चार सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में तीन पुरुष और एक महिला शामिल हैं।
जांच में सामने आया है कि यह गिरोह बेहद शातिराना ढंग से काम करता था। गिरोह के सदस्य बेरोजगार युवाओं को अपने जाल में फंसाते थे और उन्हें नामी सरकारी व निजी कंपनियों में नौकरी का लालच देते थे। युवाओं का विश्वास जीतने के लिए आरोपी बकायदा फर्जी ऑफर लेटर, कूटरचित नियुक्ति पत्र और अन्य नकली दस्तावेज तैयार कर उन्हें सौंप देते थे। जब तक पीड़ित युवाओं को ठगी का अहसास होता, तब तक आरोपी उनसे लाखों रुपये ऐंठ कर रफूचक्कर हो जाते थे।
पुलिस के अनुसार, थाना निचलौल पर दर्ज मु0अ0सं0 157/2026 और 158/2026 के तहत वांछित चल रहे इन आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया था। सर्विलांस, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए संयुक्त पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपियों को लखनऊ और गोरखपुर के अलग-अलग ठिकानों से धर दबोचा। पकड़े गए आरोपियों ने पुलिस पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया है। गिरफ्तार किए गए सदस्यों के नाम इस प्रकार हैं।
1- राजचन्द्रा उर्फ अजीत(पुत्र संतराज) – निवासी: कोईली खाल, बड़हलगंज, जनपद गोरखपुर।
2-आमोद राठौर, निवासी: जानकीपुरम, लखनऊ।
3-कुलदीप (पुत्र विजय प्रकाश) – निवासी: नरेन्द्र नगर, जनपद उन्नाव।
4-अराधना कुमारी (पत्नी कुलदीप) – निवासी: नरेन्द्र नगर, उन्नाव (वर्तमान पता: दीनदयालपुरम, इंदिरानगर, लखनऊ)
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेजा जा रहा है। पुलिस अब इस गिरोह के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने में जुटी है। गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश के साथ-साथ आरोपियों के बैंक खातों और लेन-देन के ब्योरे को खंगाला जा रहा है, ताकि यह पता लगाया जा सके
अब तक ये कितने युवाओं को अपनी ठगी का शिकार बना चुके हैं।इस बड़े खुलासे और गिरफ्तारी में निचलौल थानाध्यक्ष उपनिरीक्षक अंकित सिंह, उ.नि. संदीप यादव, उ.नि. बृजेश कुमार सिंह, स्वाट प्रभारी उ.नि. आशीष कुमार सिंह और एसओजी प्रभारी योगेश कुमार सिंह समेत उनकी पूरी टीम की सराहनीय और महत्वपूर्ण भूमिका रही।
ब्यूरो रिपोर्ट
रोहित कुमार गुप्ता
जिला संवाददाता महराजगंज






टिप्पणियाँ
अभी कोई टिप्पणी नहीं। पहली टिप्पणी आप करें।