भारी बारिश का अलर्ट! कक्षा 1 से 12वीं तक के सभी स्कूल 26 सितंबर को रहेंगे बंद, डीएम का सख्त आदेश
महराजगंज जनपद में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और मौसम विभाग द्वारा जारी किए गए प्रतिकूल पूर्वानुमान को देखते हुए महराजगंज जिला प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड पर आ गया है। स्कूली बच्चों की सुरक्षा को सर्वोपरि मानते हुए जि…

महराजगंज जनपद में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और मौसम विभाग द्वारा जारी किए गए प्रतिकूल पूर्वानुमान को देखते हुए महराजगंज जिला प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड पर आ गया है। स्कूली बच्चों की सुरक्षा को सर्वोपरि मानते हुए जिलाधिकारी (डीएम) गौरव सिंह सोगरवाल ने शनिवार, 26 सितंबर 2026 को जिले के प्राइमरी से लेकर इंटरमीडिएट (कक्षा 12वीं) तक के सभी विद्यालयों में एक दिवसीय अवकाश घोषित कर दिया है।

जिला प्रशासन की ओर से जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह अवकाश जनपद में संचालित सभी परिषदीय, शासकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त विद्यालयों पर लागू होगा। इसके अलावा सीबीएसई (CBSE), आईसीएसई (ICSE) एवं अन्य सभी बोर्डों के स्कूलों को भी इस आदेश का अनिवार्य रूप से पालन करना होगा।
डीएम गौरव सिंह सोगरवाल ने सभी स्कूल प्रबंधकों और प्रधानाचार्यों को सख्त हिदायत दी है कि इस आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। खराब मौसम और जलभराव की स्थिति में छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य और सुरक्षा के दृष्टिगत ही यह त्वरित निर्णय लिया गया है। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि बच्चों की सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
इस आदेश को तत्काल प्रभाव से लागू करवाने के लिए प्रशासन ने बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) और जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) सहित सभी संबंधित अधिकारियों को आदेश की प्रति भेज दी है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में इस बात की कड़ी निगरानी करें कि शनिवार को कोई भी विद्यालय खुला न रहे।
अभिभावकों से अपील :- जिला प्रशासन ने आम जनमानस और अभिभावकों से भी अपील की है कि वे खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें और बच्चों को सुरक्षित रखें।






टिप्पणियाँ
अभी कोई टिप्पणी नहीं। पहली टिप्पणी आप करें।