मिनी स्टेडियम में क्रिकेट का रोमांच, पुलिस इलेवन ने मीडिया इलेवन को 7 विकेट से दी शिकस्त
नौतनवा स्थानीय महंत अवेद्यनाथ मिनी स्टेडियम, बरवाकला में आयोजित एक रोमांचक मैत्रीपूर्ण क्रिकेट मैच में पुलिस इलेवन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मीडिया इलेवन को 7 विकेट से हराकर खिताबी जीत दर्ज की। खेल के मैदान पर पुलिस और…

नौतनवा स्थानीय महंत अवेद्यनाथ मिनी स्टेडियम, बरवाकला में आयोजित एक रोमांचक मैत्रीपूर्ण क्रिकेट मैच में पुलिस इलेवन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मीडिया इलेवन को 7 विकेट से हराकर खिताबी जीत दर्ज की। खेल के मैदान पर पुलिस और मीडिया के खिलाड़ियों के बीच देखने को मिली कड़ी टक्कर ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
मैच का विवरण :- टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मीडिया इलेवन की टीम ने निर्धारित 15 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 105 रनों का सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया। मीडिया टीम की ओर से अमित त्रिपाठी ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 37 रन बनाए और गेंदबाजी में भी 2 महत्वपूर्ण विकेट झटके। उन्हें उनके शानदार प्रदर्शन के लिए 'बेस्ट बैट्समैन' के खिताब से नवाजा गया। वहीं, अरविंद त्रिपाठी ने 21 रनों की नाबाद पारी खेली।
106 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पुलिस इलेवन की शुरुआत आक्रामक रही। टीम ने महज 7.3 ओवर में ही 3 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। पुलिस इलेवन की जीत में पंकज सरोज की विस्फोटक पारी निर्णायक रही। उन्होंने नाबाद 60 रन बनाए और अपने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए 'मैन ऑफ द मैच' चुने गए।
व्यक्तिगत पुरस्कार आयोजन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया गया
◆ मैन ऑफ द मैच :- पंकज सरोज (नाबाद 60 रन)
◆ बेस्ट बैट्समैन :- अमित त्रिपाठी
◆ बेस्ट बॉलर :- अनीश 3 ओवर में 15 रन देकर 2 विकेट)
◆ बेस्ट फील्डर :- सतीश
◆ बेस्ट विकेटकीपर :- विवेक यादव
अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति :- मैच के मुख्य अतिथि के रूप में नौतनवा के एसडीएम नवीन कुमार और विशिष्ट अतिथि के रूप में पुलिस क्षेत्राधिकारी बसंत सिंह उपस्थित रहे। मैच के आयोजक प्रतिनिधि व ग्राम प्रशासक आशुतोष सिंह ने अतिथियों का स्वागत करते हुए खिलाड़ियों को सम्मानित किया। समापन समारोह में पुलिस क्षेत्राधिकारी बसंत सिंह ने विजेताओं को ट्रॉफी प्रदान की। अतिथियों ने खिलाड़ियों के खेल भावना और अनुशासन की सराहना की।
मैच का सफल संचालन अंपायर शाबी जाफरी एवं अभिषेक जोशुआ ने किया, जबकि स्कोरर की भूमिका अबान जाफरी ने बखूबी निभाई। इस अवसर पर नौतनवा थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह, सोनौली थानाध्यक्ष महेंद्र मिश्रा, परसा मलिक एवं बरगदवा थानाध्यक्ष सहित भारी संख्या में पुलिस बल और स्थानीय खेल प्रेमी मौजूद रहे।
आयोजन समिति ने सभी खिलाड़ियों, अधिकारियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के स्वस्थ और उत्साहजनक खेल आयोजनों को जारी रखने का संकल्प लिया।

टिप्पणियाँ
अभी कोई टिप्पणी नहीं। पहली टिप्पणी आप करें।