नहर में डूबती महिला के लिए 'देवदूत' बने 10वीं के दो छात्र, एसपी महाराजगंज ने प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित
महाराजगंज निचलौल :- कहते हैं, "साहस उम्र का मोहताज नहीं होता"—इस बात को पूरी तरह चरितार्थ कर दिखाया है मसीह सेवाश्रम इंटर कॉलेज के कक्षा 10 के दो होनहार छात्रों, कृष्णा गुप्ता और सद्दाम हुसैन ने। थाना निचलौल क्षेत्र के अ…

महाराजगंज निचलौल :- कहते हैं, "साहस उम्र का मोहताज नहीं होता"—इस बात को पूरी तरह चरितार्थ कर दिखाया है मसीह सेवाश्रम इंटर कॉलेज के कक्षा 10 के दो होनहार छात्रों, कृष्णा गुप्ता और सद्दाम हुसैन ने। थाना निचलौल क्षेत्र के अंतर्गत एक गंभीर घटना के दौरान जब एक महिला ने नहर में छलांग लगा दी, तब बिना अपनी जान की परवाह किए इन दोनों बालकों ने अदम्य साहस और त्वरित सूझबूझ का परिचय देते हुए महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। छात्रों की इस तत्परता और बहादुरी से महिला की बहुमूल्य जान बचाई जा सकी।
बच्चों के इस निस्वार्थ, साहसी और मानवीय कार्य को संज्ञान लेते हुए पुलिस अधीक्षक महाराजगंज, शक्ति मोहन अवस्थी ने दोनों छात्रों कृष्णा गुप्ता और सद्दाम हुसैन को अपने कार्यालय पर सम्मान आमंत्रित किया। उन्होंने दोनों मेधावी छात्रों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनकी पीठ थपथपाई और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
पुलिस अधीक्षक ने बच्चों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि "इन बच्चों ने जो जानबाज़ी और निस्वार्थ सेवा भावना दिखाई है, वह न केवल पुलिस प्रशासन बल्कि पूरे समाज के लिए अत्यंत गर्व और प्रेरणा का विषय है।" एसपी ने आगे कहा कि आज के दौर में जहां लोग अक्सर संकट के समय मूकदर्शक बने रहते हैं, वहीं कृष्णा और सद्दाम के इस साहसिक कदम ने समाज के सामने एक अनूठी मिसाल पेश की है।
कम उम्र में इस तरह की संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का अहसास कराना यह साबित करता है कि हमारी युवा पीढ़ी समाज के प्रति कितनी जागरूक है। इस साहसिक घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में कृष्णा और सद्दाम की बहादुरी की चर्चा हो रही है। स्कूल प्रशासन, परिजनों और स्थानीय निवासियों ने भी दोनों वीर बालकों की इस वीरता पर गर्व व्यक्त किया है।






टिप्पणियाँ
अभी कोई टिप्पणी नहीं। पहली टिप्पणी आप करें।