भिटौली को ब्लॉक बनाने की मंजूरी के बाद भी कार्य अधूरा,ग्रामीणों में आक्रोश राज्यपाल और डीएम को भेजा पत्र
महराजगज-जनपद के सदर तहसील अंतर्गत ग्राम व पोस्ट भिटौली बाजार को ब्लॉक बनाने की मंजूरी प्रदेश सरकार द्वारा वर्षों पहले दिए जाने के बावजूद आज तक धरातल पर शिलान्यास न होने से स्थानीय जनता में गहरा असंतोष है। इस संबंध में अप…

महराजगज-जनपद के सदर तहसील अंतर्गत ग्राम व पोस्ट भिटौली बाजार को ब्लॉक बनाने की मंजूरी प्रदेश सरकार द्वारा वर्षों पहले दिए जाने के बावजूद आज तक धरातल पर शिलान्यास न होने से स्थानीय जनता में गहरा असंतोष है। इस संबंध में अपनी जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष मनोज कुमार कन्नौजिया व ग्रामीणों ने उत्तर प्रदेश की महामहिम राज्यपाल और महराजगंज के जिलाधिकारी को एक विस्तृत मांग पत्र भेजकर त्वरित कार्रवाई की मांग की है।
इसके साथ ही ग्रामसभा में विकास कार्यों में वित्तीय अनियमितता और कब्रिस्तान के रास्ते का मुद्दा भी गरमा गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा भिटौली बाजार को नया ब्लॉक बनाने की हरी झंडी काफी समय पहले ही दे दी गई थी। शासन के निर्देश पर जिला प्रशासन और उच्चाधिकारियों ने ब्लॉक निर्माण के लिए गांव के उत्तर-पूर्व स्थित कोइलहिया पोखरे के पास सरकारी बचत भूमि का चयन किया था।
इसमें गाटा संख्या 555 (रकबा 0.3880 हे०), गाटा संख्या 559 (रकबा 0.6360 हे०) और गाटा संख्या 563 (रकबा 0.2830 हे०) की पैमाइश कराकर भूमि को अधिग्रहित भी कर लिया गया था। भूमि प्रबंधक समिति भिटौली द्वारा प्रस्ताव पारित होने के बाद भी आज तक न तो शिलान्यास की कोई तिथि निश्चित की गई और न ही निर्माण कार्य शुरू हो सका, जिससे क्षेत्र का विकास अंधेरे में लटका हुआ है। अपनी जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष मनोज कुमार कन्नौजिया
का आरोप है कि भिटौली ग्रामसभा में बिना कोई जमीनी कार्य कराए ही ग्राम प्रधान द्वारा फर्जी तरीके से सरकारी धन का भुगतान करा लिया गया है।
इस भ्रष्टाचार के खिलाफ गत 27 जनवरी 2026 को जिलाधिकारी महराजगंज को एक शिकायती प्रार्थना पत्र सौंपा गया था। मामले की स्थिति जिलाधिकारी के निर्देश पर मुख्य विकास अधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी को टीम गठित कर जांच के आदेश दिए थे। कागज पर जांच कमेटी तो बना दी गई, लेकिन धरातल पर जांच करने आज तक जिले से कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा, जिससे प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। ब्लॉक निर्माण के अलावा ग्रामीणों ने जनहित से जुड़े दो अन्य गंभीर मुद्दे भी उठाए हैं।कब्रिस्तान का रास्ता भिटौली बाजार स्थित कब्रिस्तान में आने-जाने के लिए कोई सुलभ रास्ता नहीं है,
जिससे शवयात्रा और आम लोगों को भारी कठिनाई का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों ने जनहित में तुरंत रास्ता निर्माण कराने के आदेश की मांग की है। अम्बेडकर खेल मैदान गांव के युवाओं के लिए खेलकूद की उचित व्यवस्था हेतु खाली पड़ी बंजर भूमि में से 10 डिसमिल जमीन को खतौनी में 'अम्बेडकर खेल मैदान' के नाम दर्ज कराने की मांग पुरजोर तरीके से उठाई गई है।
ग्रामीणों की प्रमुख माँगे :-
(1) : दिनांक 27-01-2026 को दिए गए प्रार्थना पत्र के आधार पर ग्रामसभा भिटौली में बिना कार्य कराए हुए फर्जी भुगतान की तत्काल निष्पक्ष जांच कराई जाए।
(2) : ब्लॉक की मंजूरी और जमीन अधिग्रहण के बाद कोइलहिया पोखरे पर अविलंब शिलान्यास की तिथि घोषित कर निर्माण कार्य शुरू कराया जाए।
(3) : भिटौली के कब्रिस्तान तक आने-जाने के लिए पक्के रास्ते का निर्माण कराया जाए।
(4) : ग्रामसभा की खाली बंजर भूमि में से 10 डिसमिल जमीन खतौनी में अम्बेडकर खेल मैदान के नाम दर्ज की जाए।
अब देखना यह है कि महामहिम राज्यपाल और जिला प्रशासन को भेजे गए इस पत्र के बाद सुस्त पड़े महकमे में कितनी तेजी आती है और भिटौली की जनता को उनका हक कब तक मिल पाता है।
ब्यूरो रिपोर्ट
रोहित कुमार गुप्ता
जिला संवाददाता (महराजगंज)

टिप्पणियाँ
अभी कोई टिप्पणी नहीं। पहली टिप्पणी आप करें।